नई दिल्ली। मुंबई गैंगरेप मामले के आरोपियों ने शक्ति मिल्स परिसर में इस ताजा घटना से पहले भी ऐसी घिनौनी हरकत करने की बात स्वीकार की है। घटनास्थल पर पहुंची दिल्ली और गुजरात की फोरेंसिक टीम ने जांच के दौरान इस बात का पता लगाया है कि आरोपियों ने पिछले छह महीने में यहां दो बार रेप की वारदात को अंजाम दिया है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि इन लोगों ने यहां दो रेप और एक छेड़छाड़ की घटना को अंजाम दिया है। जांच से जुड़े अपराध शाखा के एक अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने छह महीने पहले अलग-अलग मौकों पर एक कूड़ा बीनने वाली और एक सेक्स वर्कर के साथ रेप की बात बताई है।
उन्होंने बताया कि इन घटनाओं के सिलसिले में कोई शिकायत नहीं मिली है। रेप की वारदात के अलावा आरोपियों ने एक युगल को ब्लैकमेल करने और एक महिला के साथ छेड़छाड़ करने की भी कोशिश की थी।
गौरतलब है कि जांचकर्ताओं ने बताया कि मिल परिसर से फोरेंसिक विशेषज्ञों के और अधिक सबूत जुटाए जाने के बीच आरोपियों का 'लायर्ड व्याइस एनालिसिस (एलवीए) किया गया। यह परीक्षण बयान का सत्यापन करने और झूठ पकड़ने के लिए किया जाता है। एलवीए के जरिए किसी व्यक्ति की आवाज के भावनात्मक पहलू को मापा जाता है।
अधिकारी ने बताया कि जब सलीम ने वारदात के दिन कासिम को फोन कर फौरन शक्ति मिल्स पहुंचने को कहा तब कासिम चांद, सिराज तथा एक और व्यक्ति के साथ एक झुग्गी में था। उन्होंने बताया कि, 'उस व्यक्ति का पता लगा लिया गया है और इस मामले में एक गवाह बनाया गया है।'
22 अगस्त को मुंबई के शक्ति मिल्स परिसर में फोटो जर्नलिस्ट के साथ हुई गैंगरेप की वारदात के सभी पांच आरोपी-सलीम अंसारी, विजय जाधव, चांद बाबू सत्तार शेख, मोहम्मद कासिम हफीज शेख उर्फ कासिम बंगाली और सिराज रहमान खान को गिरफ्तार कर लिया गया है।

No comments:
Post a Comment